उफ़क साहिल
रोहतास जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सोनहन थाना क्षेत्र के सोनहन मोड़ पर दिनांक 03 मार्च 2026 को चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक हत्या के आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, थाना अध्यक्ष सोनहन के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबराकर चारपहिया वाहन से उतरकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार अपना नाम और पता बदलता रहा, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि वह हत्या के एक मामले में फरार था।
जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दिनांक 01 फरवरी 2026 को रोहतास जिले के डिहरी नगर थाना क्षेत्र में स्टेशन के पास लाल सूटकेस में एक महिला का शव बरामद किया गया था। इस संबंध में डिहरी नगर थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। बरामद महिला शव आरोपी की पत्नी का था।
हत्या के बाद से ही आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कयामुद्दीन शेख, पिता – सलीम शेख मंसूरी, निवासी – जकही बिगहा, थाना – डिहरी नगर, जिला – रोहतास के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को विधिसम्मत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी की सूचना वरीय पुलिस अधिकारियों एवं रोहतास जिला पुलिस को दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
Discussion (0)
Join the discussion by logging in to your account.
SIGN INBe the first to share your thoughts!
Covering breaking news and insightful stories at Kalamlok Stories.