उफ़क साहिल

कैमूर (भभुआ) स्थित माँ मुण्डेश्वरी सभागार में जिला पदाधिकारी महोदय के निर्देशानुसार उद्योग विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक उप विकास आयुक्त, कैमूर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक, उद्योग विस्तार पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रबंधक, दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक सहित सभी बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे। वहीं बंधन बैंक, एक्सिस बैंक, आई.डी.बी.आई. बैंक एवं इंडियन बैंक के शाखा प्रबंधकों की अनुपस्थिति पर उप विकास आयुक्त द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई। उन्होंने संबंधित बैंकों के जोनल हेड को सूचित कर जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया।

PMEGP में उल्लेखनीय प्रगति, लक्ष्य के करीब पहुँचा जिला

बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले को प्राप्त 70 प्रकरणों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 52 प्रकरण स्वीकृत किए जा चुके हैं। शेष लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन हेतु बैंकों को सक्रिय पहल करने का निर्देश दिया गया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

PMFME योजना के अंतर्गत 56 लाभार्थियों को हुआ भुगतान

इसी प्रकार प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत 162 के लक्ष्य के विरुद्ध 89 स्वीकृतियाँ प्रदान की गई हैं। इनमें से 56 लाभार्थियों को अब तक वित्तीय सहायता का भुगतान किया जा चुका है। शेष स्वीकृत मामलों में शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के लिए बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।

बैठक में योजनाओं की प्रगति को और गति देने, लंबित आवेदनों के त्वरित निस्तारण तथा लाभार्थियों को समय पर ऋण वितरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

EDP प्रशिक्षण के आयोजन हेतु निर्देश

उप विकास आयुक्त द्वारा खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC) के निदेशक को पत्र निर्गत कर आर.से.टी. (RSETI) के माध्यम से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत ई.डी.पी. (Entrepreneurship Development Programme) प्रशिक्षण जिले में आयोजित कराने का निर्देश दिया गया, ताकि चयनित लाभार्थियों को व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन मिल सके।

स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर

बैठक के दौरान योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि, बैंकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा लाभार्थियों को शीघ्र लाभ पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी संबंधित विभाग एवं बैंक समन्वय स्थापित कर कार्य करें, जिससे जिले में उद्यमिता को बढ़ावा मिले और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित हो सके।

0 Likes
0 Comments

Discussion (0)

Join the discussion by logging in to your account.

SIGN IN

Be the first to share your thoughts!

Journalist Profile

Ufaque

Covering breaking news and insightful stories at Kalamlok Stories.