शेख अर्शी
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा नागरिकों को त्वरित, सुलभ एवं पारदर्शी पासपोर्ट सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कैमूर जिले में पहली बार पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
विदित हो कि वर्ष 2025 में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा लगभग साढ़े चार लाख पासपोर्ट आवेदनों का निपटारा किया गया है। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा दिनांक 12.05.2025 से चिप लगे (ई-पासपोर्ट) जारी करने की सुविधा प्रारंभ की जा चुकी है। बढ़ती आवेदक संख्या को देखते हुए जिले-जिले में मोबाइल वैन कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में समाहरणालय परिसर, कैमूर में 10 फरवरी 2026 से 12 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप का उद्घाटन 10 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे किया जाएगा।
यह कैंप अप्रैल 2024 के बाद आयोजित किए जा रहे मोबाइल वैन कैंपों की श्रृंखला में तेरहवाँ कैंप है तथा कैमूर जिले में आयोजित होने वाला चौदहवाँ कैंप होगा। इससे पूर्व सिवान, गोपालगंज, पूर्णिया, पुलिस जिला बगहा, लखीसराय, शेखपुरा, अरवल एवं मधेपुरा में सफलतापूर्वक कैंप आयोजित किए जा चुके हैं।
कैंप में नए (Fresh) एवं पुनर्निर्गमन (Re-issue) पासपोर्ट आवेदनों को स्वीकार किया जाएगा। इसके लिए प्रतिदिन 55 अपॉइंटमेंट स्लॉट जारी किए जाएंगे। आवेदकों को ऑनलाइन आवेदन भरकर निर्धारित शुल्क जमा करते हुए www.passportindia.gov.in के माध्यम से अपॉइंटमेंट लेना अनिवार्य होगा।
निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर आवेदकों को सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों एवं उनकी स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ उपस्थित होना होगा। पीसीसी, किसी कारण से रोके गए आवेदन अथवा बिना पूर्व ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के आवेदन इस कैंप में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना नागरिकों को बेहतर, सुगम एवं समयबद्ध सेवा प्रदान करने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
कैमूर कैंप के लिए प्रतिदिन 55 स्लॉट जारी किए गए हैं।
शिविर के लिए अब तक प्राप्त अपॉइंटमेंट की स्थिति इस प्रकार है—
10 फरवरी 2026 : 55 में से 45 स्लॉट बुक
11 फरवरी 2026 : 55 में से 00 स्लॉट बुक
12 फरवरी 2026 : 55 में से 00 स्लॉट बुक
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि वे उपलब्ध स्लॉट का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए समय रहते पासपोर्ट सेवा पोर्टल के माध्यम से अपना अपॉइंटमेंट बुक कराएं। यह शिविर विशेष रूप से उन नागरिकों के लिए लाभकारी है, जिन्हें पासपोर्ट से संबंधित सेवाओं के लिए दूरस्थ कार्यालयों में जाना पड़ता है।
Discussion (0)
Join the discussion by logging in to your account.
SIGN INBe the first to share your thoughts!
Covering breaking news and insightful stories at Kalamlok Stories.