खुशबू खातून

भोजपुरी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित अपकमिंग फिल्म “सी आई डी बहू” का पोस्टर नववर्ष 2026 के मौके पर जारी कर दिया गया है। पोस्टर सामने आते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता और चर्चा का माहौल बन गया है। पोस्टर में भोजपुरी सिनेमा की मोस्ट प्रोमिसिंग और चहेती अभिनेत्री आम्रपाली दुबे एक बिल्कुल नए और दमदार अवतार में नजर आ रही हैं। एक हाथ में बंदूक और दूसरे हाथ में लेंस लिए आम्रपाली का लुक फिल्म के सस्पेंस, एक्शन और इन्वेस्टिगेशन से भरपूर होने का साफ संकेत देता है।

पोस्टर की पहली झलक से ही यह स्पष्ट हो जाता है कि फिल्म रहस्य, थ्रिल और पारिवारिक भावनाओं का दिलचस्प संगम पेश करने वाली है। खास बात यह है कि आम्रपाली दुबे इस फिल्म में एक सशक्त और निर्णायक महिला किरदार निभाती दिखाई देंगी, जो अब तक के उनके किरदारों से काफी अलग और प्रभावशाली होगा।

श्रेयस फिल्म्स प्रा. लि. के बैनर तले बनी फिल्म “सी आई डी बहू” का निर्माण प्रेम राय ने किया है। पोस्टर लॉन्च के मौके पर प्रेम राय ने कहा कि यह फिल्म भोजपुरी सिनेमा के पारंपरिक ढर्रे से हटकर एक बिल्कुल नए और अनोखे कांसेप्ट पर आधारित है। उन्होंने बताया कि फिल्म में जहां एक ओर इन्वेस्टिगेशन, सस्पेंस और थ्रिल का भरपूर तड़का होगा, वहीं दूसरी ओर पारिवारिक रिश्तों, सामाजिक सरोकारों और भावनाओं को भी मजबूती से उकेरा गया है। उनके अनुसार, महिला किरदार को केंद्र में रखकर कहानी को आगे बढ़ाया गया है, जो दर्शकों को एक नई सोच और नया अनुभव देने का काम करेगी।

फिल्म की कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी अनंजय रघुराज ने संभाली है, जबकि सह-निर्माता के तौर पर शाइस्ता खान जुड़ी हैं। तकनीकी टीम की बात करें तो डीओपी के. वेंकट महेश ने सिनेमैटोग्राफी की कमान संभाली है। अरबिंद तिवारी ने फिल्म की पटकथा और संवाद लिखे हैं। संगीतकार साजन मिश्रा और ओम झा के संगीत से फिल्म के गीतों को सजाया गया है, जिनके बोल धर्म हिंदुस्तानी और दुर्गेश भट्ट ने लिखे हैं। फिल्म के पीआरओ रंजन सिन्हा हैं, जबकि एडिटिंग गुरजंत सिंह ने की है। पोस्ट प्रोडक्शन का काम ऑडियो लैब स्टूडियो में पूरा किया गया है।

फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। आम्रपाली दुबे के साथ राज सिंह राजपूत, पूजा ठाकुर, अयाज खान, साहिल सिद्दीकी, श्वेता वर्मा, रंभा साहनी, विद्या सिंह, संजीव के मिश्रा, ससिता रॉय, निहाल सिंह और शियान्श सिंह जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। पोस्टर में सभी कलाकारों के लुक ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया है।

पोस्टर रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर “CID बहू” को लेकर जबरदस्त चर्चा देखने को मिल रही है। दर्शकों को उम्मीद है कि यह फिल्म भोजपुरी सिनेमा में महिला केंद्रित और कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों की कड़ी को और मजबूत करेगी। अब सभी की निगाहें फिल्म की रिलीज डेट और ट्रेलर पर टिकी हैं, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

0 Likes
0 Comments

Discussion (0)

Join the discussion by logging in to your account.

SIGN IN

Be the first to share your thoughts!

Journalist Profile

Covering breaking news and insightful stories at Kalamlok Stories.