बिहार में गुरुवार को मौसम के दो रंग नजर आए। दक्षिण बिहार के कुछ जिलों में जहां भीषण गर्मी देखी गई, वहीं बाकी 35 जिलों में पुरवा हवाओं ने राहत दी। पुरवा के चलते पटना में अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरकर गुरुवार को 34 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

दो जिलों में 30 डिग्री से नीचे दिन का तापमान

पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल को मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, भागलपुर, मुंगेर, पूर्णिया और अररिया जैसे जिलों में दिन का तापमान 31 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। सहरसा और मधेपुरा जिलों में तो दिन का पारा 30 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया।

19 अप्रैल से भीषण गर्मी पड़ने की आशंका

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 19 अप्रैल से बिहार में पछुआ हवाएं चलने के आसार हैं। इससे राज्यभर के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा और हीटवेव की स्थिति भी बन सकती है। बुधवार को पछुआ हवाओं के कारण ही राज्य का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया था। हालांकि, गुरुवार को पुरवा चलने से लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली।

दो दिन कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार और शनिवार को बिहार में पुरवा और पछुआ दोनों तरह की हवाओं का प्रवाह बना रहेगा। जहां पछुआ चलेगी, वहां तापमान बढ़ेगा, जबकि जहां पुरवा चलेगी, वहां तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, रविवार से राज्यभर में पछुआ हवाएं चलने की संभावना है।

सीमांचल में 18 अप्रैल को बिगड़ सकता है मौसम

शनिवार को सीमांचल में मौसम बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों के लिए 18 अप्रैल को येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आंधी और वज्रपात की संभावना है। साथ ही, 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

0 Likes
0 Comments

Discussion (0)

Join the discussion by logging in to your account.

SIGN IN

Be the first to share your thoughts!

Journalist Profile

Shaekh Arshi

Covering breaking news and insightful stories at Kalamlok Stories.