पटना: निज संवाददाता, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एकेडमिक ब्लॉक, टेक्निकल ब्लॉक, लैब, प्रशासनिक भवन, क्लास रूम सहित पूरे परिसर का गहनता पूर्वक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं तथा शैक्षणिक कार्यकलापों की विस्तृत जानकारी ली।
क्लास रूम में उपस्थित छात्र-छात्राओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आपलोग अच्छे से पढ़ाई करें और अपने उद्देश्य को प्राप्त करें।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सह ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान के निदेशक डॉ० एस० सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारीगण तथा ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान की स्थापना 1973 में 'बिहार इन्स्टीच्यूट ऑफ इकोनोमिक डेवलपमेन्ट' के नाम से सामाजिक-आर्थिक विकास के क्षेत्र में शोध एवं प्रबंधन के उद्देश्य से की गयी थी। संस्थान में वर्तमान में प्रोफेशनल कोर्स जो कि स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर का है, संचालित किया जा रहा है। विगत तीन वर्षों में संस्थान ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 90 प्रतिशत से ज्यादा प्लेसमेंट के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। संस्थान प्रबंधन के क्षेत्र में पूर्वी भारत का एक अग्रणी संस्थान है। वर्ष 2025 के टाइम्स बी-स्कूल सर्वे में संस्थान ने शीर्ष 15 प्रबंधन संस्थानों में अपना स्थान बनाया था। संस्थान बाजार एवं कॉरपोरेट वर्ल्ड की जरूरत को ध्यान रखते हुए पाठ्यक्रम का संचालन करता है। संस्थान के द्वारा गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन तथा कम्प्यूटर की शिक्षा बाजार से काफी कम दर पर दी जा रही है। कम फीस होने से समाज के कमजोर वर्ग के छात्र भी प्रबंधन एवं कम्प्यूटर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से लाभान्वित हो रहे हैं तथा कॉरपोरेट वर्ल्ड में अपना स्थान कायम कर रहे हैं। काफी संख्या में बिहार राज्य स्टूडेन्ट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छात्र संस्थान में नामांकन लेने में कामयाब होते हैं। संस्थान के सारे कोर्स AICTE से मान्यता प्राप्त हैं और संस्थान आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पटना से सम्बद्ध है।
संस्थान में पूर्णतः क्रियाशील Start-up Cell है जो कि भावी उद्यमियों का प्रशिक्षण एवं उद्योग स्थापित किये जाने के लिए मेंटोरिंग का कार्य करता है।
Discussion (0)
Join the discussion by logging in to your account.
SIGN INBe the first to share your thoughts!
Covering breaking news and insightful stories at Kalamlok Stories.