सुहैल खान, संवाददाता
Edited by- खुशबू खातून
सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 (01 जनवरी से 31 जनवरी) का शनिवार को जिले में भव्य समापन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन, कैमूर द्वारा भभुआ नगर क्षेत्र में पैदल मार्च एवं मिनी मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया, जहाँ जिला पदाधिकारी महोदय ने हरी झंडी दिखाकर पैदल मार्च एवं मिनी मैराथन को रवाना किया। यह मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जगजीवन स्टेडियम पहुँचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों द्वारा “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” तथा “सुरक्षित सड़क, सुरक्षित जीवन” जैसे नारों से वातावरण को जागरूकता संदेश से भर दिया गया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 25 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवा सड़क दुर्घटनाओं का सबसे अधिक शिकार हो रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे तेज गति, स्टंट ड्राइविंग एवं नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें।
उन्होंने कहा कि —
“सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग कर हम अपनी तथा दूसरों की जान की रक्षा कर सकते हैं।”
इस अवसर पर आयोजित मिनी मैराथन प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिला पदाधिकारी महोदय एवं अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), कैमूर, डीएसपी (ट्रैफिक), विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि पूरे माह चले इस अभियान के अंतर्गत जिले में वाहन चालकों को यातायात नियमों की शपथ दिलाई गई, विद्यालयों में सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा आम नागरिकों को नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया। समापन अवसर पर आयोजित मिनी मैराथन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन ही एक जिम्मेदार नागरिक की पहचान है।
Discussion (0)
Join the discussion by logging in to your account.
SIGN INBe the first to share your thoughts!
Covering breaking news and insightful stories at Kalamlok Stories.