सबा फिरदौस
कैमूर जिले में आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा विशेष जन-संवाद अभियान असरदार साबित हो रहा है। इसी कड़ी में 2 फरवरी 2026 को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जिला मुख्यालय से लेकर पंचायत स्तर तक के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित 30 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार, जिला मुख्यालय स्तर पर 12 अधिकारियों ने 62 नागरिकों से सीधा संवाद किया। वहीं जिले के 11 प्रखंडों में 50 अधिकारियों की उपस्थिति में 120 नागरिकों ने अपनी समस्याएं रखीं। सबसे अधिक भागीदारी पंचायत स्तर पर देखने को मिली, जहां 110 अधिकारियों ने 435 नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से सरकारी व्यवस्था और आम जनता के बीच की दूरी कम होगी। जिला नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जन-संवाद के दौरान मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाई जाएगी और विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाया जाएगा।
यह पहल प्रशासन को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनता के प्रति जवाबदेह बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Discussion (0)
Join the discussion by logging in to your account.
SIGN INBe the first to share your thoughts!
Covering breaking news and insightful stories at Kalamlok Stories.